निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने विभिन्न बूथों पर नागरिकों से किया संवाद, बीएलओ के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गुरुग्राम, 18 जुलाई। गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हितेंद्र कुमार ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत विभिन्न बूथ क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक चरण में पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गंभीरता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हितेंद्र कुमार ने स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठजनों, युवाओं से भी संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह अपने बीएलओ का पूरा सहयोग करे, गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा कराए तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं नवीनतम बनाया जा सके।
उन्होंने बीएलओ से कहा कि वे प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करें और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। जिन क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष प्रयास करते हुए लोगों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाए। साथ ही नागरिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए।
एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन कर सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है तो वह बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा निर्वाचन शाखा के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









