गुरुग्राम पुलिस और वकीलों ने खेल के मैदान से दिया नशामुक्ति का संदेश, साइबर अपराधों के प्रति भी किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बार एसोसिएशन की क्रिकेट प्रतियोगिता में युवाओं को खेल अपनाने, नशे से दूर रहने और साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी

गुरुग्राम, 18 जुलाई। गुरुग्राम पुलिस ने हरियाणा की सबसे बड़ी गुरुग्राम बार एसोसिएशन के सहयोग से क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

यह क्रिकेट प्रतियोगिता पूर्व बार प्रधान कुलभूषण भारद्वाज की देखरेख में आयोजित की गई, जिसमें बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना था।

प्रतियोगिता के दौरान बार एसोसिएशन की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबले हुए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास का भी प्रभावी माध्यम हैं। युवाओं से अपील की गई कि वे अपना समय खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर नशे और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।

कार्यक्रम में गुरुग्राम पुलिस के एसीपी यशवंत यादव तथा हरियाणा टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट आर.एन. यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव, नशा मुक्ति, नशे के आदी व्यक्तियों के पुनर्वास, साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

एसीपी यशवंत यादव ने कहा कि “खेल मैदान में बहाया गया पसीना जीवन में सफलता और स्वस्थ भविष्य की नींव बनता है, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए विनाशकारी है।” उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने जागरूकता रथ और सूचना बैनरों के माध्यम से ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करने का आग्रह किया।

गुरुग्राम पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी साझा करते हुए लोगों से अपील की कि यदि कहीं अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और जनसंपर्क अभियान आयोजित कर युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित, नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनाया जाता रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!