हरित ऊर्जा और आधुनिक रेल परिवहन की नई शुरुआत : राव नरबीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जींद से प्रधानमंत्री ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, मानेसर में वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह

-राव नरबीर सिंह ने कहा, हरियाणा में आधुनिक और हरित विकास को मिलेगी नई गति

-नगर निगम मानेसर के अंतर्गत आने वाले गांवों के स्वागत द्वार और 7 तालाबों में शोधित जलापूर्ति कार्य के किए शिलान्यास

गुरुग्राम, 17 जुलाई। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को मानेसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए जींद से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम में भाग लिया। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने को देश के परिवहन क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ हरित ऊर्जा और आधुनिक रेल परिवहन की नई शुरुआत बताया।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले गांवों के स्वागत द्वार और गांव नाहरपुर कासन एसटीपी गोशाला, मानेसर एवं मार्ग में स्थित 7 तालाबों तक जल शोधित कार्यों के शिलान्यास किए। कैबिनेट मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके साथ उन्होंने स्वच्छता अभियान में शामिल होते हुए आमजन को भी इस अभियान में बढ़चढ़ कर श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और बीजेपी जिला अध्यक्ष अजीत सिंह यादव और एसडीएम दर्शन यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।

उपस्थितजन को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित रेल सेवा देश को स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में आगे ले जाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को भी नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किए जाने से हरियाणा सहित पूरे देश में आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूती मिलेगी। इन परियोजनाओं से परिवहन, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन तथा जनसुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने, पर्यावरण संरक्षण तथा आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानेसर, गुरुग्राम और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास से हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

मानेसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिको ने वर्चुअल माध्यम से जींद में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, जिला प्रभारी राजकुमार बहोड़ा, चेयरमैन दयाराम लोहिया और चेयरमैन राजेंद्र बागड़ी सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!