19 जुलाई को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगी संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा
गुरुग्राम, 17 जुलाई। जिला गुरुग्राम में 19 जुलाई को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (सीएपीएफ) परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय में सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ सुमित कुमार ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील होती है। ऐसे में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक अपने दायित्वों को भली-भांति समझ लें। यदि किसी प्रकार की शंका या तकनीकी समस्या हो तो उसका समाधान परीक्षा से पहले ही कर लिया जाए, ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, मूलभूत सुविधाओं तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए।
सीईओ ने बताया कि 19 जुलाई को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर संघ लोक सेवा आयोग की सीएपीएफ परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। प्रथम शिफ्ट प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले के 5 विभिन्न केंद्रों पर कुल 1,091 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक केंद्र पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन, संघ लोक सेवा आयोग के संयुक्त निदेशक विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









