गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड़ और वजीराबाद रोड़ की सर्विस लेनों की होगी कायाकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-दोनों मुख्य सड़कों के साथ साथ कुल 6 किलोमीटर लंबी सर्विस लेन का होगा विशेष सुधार कार्य तथा किया जाएगा जीर्णोद्धार

-पदयात्री सुविधाओं और वर्षा जल निकासी व्यवस्था का रखा जाएगा विशेष ध्यान

गुरुग्राम, 17 जुलाई: गुरुग्राम में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड़ और वजीराबाद रोड़ की सर्विस लेनों की विशेष मरम्मत करके इनकी कायाकल्प करेगा। इसके लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है ।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी सी मीणा ने बताया कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड़ और वजीराबाद रोड़ की सर्विस लेनों की कुल लगभग 6 किलोमीटर लंबी सर्विस लेनों को सुधारा जाएगा, जिससे इनके साथ बसे रिहायशी सेक्टरों में रहने वाले लोगों को तो फायदा होगा ही, अन्य शहर वासियों को भी स्थानीय यातायात अधिक सुचारु होने से लाभ होगा । इसके अलावा, पैदल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा बरसाती पानी निकासी व्यवस्था भी बेहतर होगी।

ये कार्य दो अलग-अलग परियोजनाओं के तहत किए जाएंगे। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के सामने से गुजरने वाली सड़क (सेक्टर 52/57 विभाजक मार्ग) तथा वजीराबाद कोजाने वाली सड़क (सेक्टर 51/57 विभाजक मार्ग) पर दोनों ओर लगभग 1.5-1.5 किलोमीटर लंबी सर्विस लेनों की विशेष मरम्मत करके इनका जीर्णोद्धार किया जाएगा । इस प्रकार, दोनों सड़कों के दोनों ओर बनी कुल लगभग 6 किलोमीटर लंबाई की सर्विस लेनों की हालत सुधारी जाएगी। इस पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी ।

श्री मीणा ने कहा कि इन दोनों मुख्य सड़कों का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग करते हैं। गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड़, जो आर्टेमिस ट्रैफिक लाइट से शुरू होकर गुरुग्राम विश्वविद्यालय तक के महत्वपूर्ण हिस्से को जोड़ती है, तथा वजीराबाद रोड़ के दोनों ओर स्थित सर्विस लेन बेहतर होने से आसपास के अनेक आवासीय सेक्टरों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच अधिक सुगम होगी। साथ ही स्थानीय यातायात के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होने से मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि दोनों कार्यों की योजना एकीकृत दृष्टिकोण के साथ तैयार की गई है। इसके अंतर्गत सड़कों के सुधार के साथ-साथ फुटपाथ की दशा सुधारी जाएगी ताकि पैदल यात्रियों को आवागमन की अच्छी सुविधाएं मिलें । इस दौरान बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा और ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि बरसाती पानी आसानी से बहकर सतही ड्रेन में चला जाए ।

उन्होंने बताया कि सुधार कार्यों के अंतर्गत जहाँ सर्विस लेन क्षतिग्रस्त और ख़राब है, उसकी विशेष मरम्मत कर नई सतह बिछाई जाएगी, ताकि राहगीरों को दिक़्क़त ना हो । इसके अलावा, दोनों सर्विस लेनों के साथ नए फुटपाथ बनाए जाएंगे तथा मौजूदा पैदल यात्री सुविधाओं को भी और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इन सर्विस लेनों का सर्वे करवाने पर पाया गया कि कई स्थानों पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है या अनधिकृत पार्किंग बना रखी है, जिससे आवागमन में अवरोध पैदा होते हैं, उन सभी अवरोधों को भी हटाया जाएगा, ताकि पूरी सड़क का सही उपयोग हो सके और यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित हो ।

श्री मीणा ने कहा कि विशेष सुधार वर्षा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रोड़ गली और बरसाती पानी निकासी चैनल की भी मरम्मत की जाएगी, ताकि बरसात के बाद पानी प्राकृतिक बहाव से निकल जाए । साथ ही चिन्हित स्थानों पर ग्रीन बेल्ट का लेवल नीचे किया जाएगा, जिससे वर्षा जल प्राकृतिक रूप से ग्रीन बेल्ट में चला जाए । इन उपायों से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और सड़कें भी ठीक रहेंगी ।

श्री मीणा ने बताया कि अलग अलग गति से चलने वाले वाहनों के लिए नई लेन मार्किंग भी की जाएगी, जिससे यातायात अधिक अनुशासित बनेगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्थानीय यातायात अधिक सुव्यवस्थित होगा, आसपास के सेक्टरों तक पहुंच बेहतर और आसान होगी, मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा तथा पैदल यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जीएमडीए शहर में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के एकीकृत विकास कार्य लगातार कर रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!