जनभागीदारी से बदल रही गुरुग्राम की तस्वीर, टिकरी क्षेत्र का जीवीपी बना स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल
गुरुग्राम, 17 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे “स्वच्छता से स्वागत अभियान” के तहत शहर के कचरा संवेदनशील स्थलों (जीवीपी) का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। जो स्थान पहले कचरे के ढेर और गंदगी के कारण पहचान बनाए हुए थे, उन्हें अब स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक स्थलों में परिवर्तित किया जा रहा है।
अभियान के तहत पहले इन स्थानों की गहन सफाई कराई जाती है। इसके बाद वहां पौधारोपण, फेंसिंग, वॉल पेंटिंग, सौंदर्यीकरण तथा हरित विकास के कार्य किए जा रहे हैं, ताकि दोबारा इन स्थानों पर कचरा न डाला जाए और नागरिकों को स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण मिल सके।
इसी क्रम में शुक्रवार को टिकरी क्षेत्र स्थित जीवीपी का सफलतापूर्वक कायाकल्प किया गया। सफाई एवं सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थल पूरी तरह से बदला हुआ नजर आया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा यह अभियान शहर के सभी 36 वार्डों में जनभागीदारी के साथ चलाया जा रहा है। अभियान में निगम पार्षद, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, वार्ड कमेटी सदस्य, स्वयंसेवी संस्थाएं (एनजीओ), विद्यालयों के विद्यार्थी, सामाजिक संगठन तथा गणमान्य नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दे रहे हैं।
स्वच्छता से स्वागत अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना, कचरा संवेदनशील स्थलों को समाप्त करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और बेहतर गुरुग्राम का निर्माण करना है।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छता से स्वागत अभियान केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक सशक्त आंदोलन है। हमारा लक्ष्य शहर के प्रत्येक कचरा संवेदनशील स्थल का स्थायी समाधान कर उन्हें स्वच्छ, हरित और सुंदर सार्वजनिक स्थानों में बदलना है। नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गुरुग्राम स्वच्छता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो हम मिलकर एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर गुरुग्राम का निर्माण कर सकते हैं।









