19 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की चिंता पूरे देश के युवाओं की चिंता : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ती रहेगी, जवाबदेही तय होना जरूरी

चंडीगढ़, 17 जुलाई। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले 19 दिनों से सोनम वांगचुक का अनशन केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं है, बल्कि यह देश के लाखों छात्रों और युवाओं की उस पीड़ा का प्रतीक है जो लगातार पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की खामियों और जवाबदेही के अभाव के कारण अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी पूंजी होता है और सरकार का दायित्व है कि वह निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जब परीक्षाओं में पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं, पेपर लीक जैसी घटनाएं बार-बार सामने आती हैं और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब सबसे अधिक नुकसान मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को उठाना पड़ता है।  कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी लगातार छात्रों के अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे हैं तथा इस पूरे मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पिछले डेढ़ महीने से छात्रों और युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं होगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

कुमारी सैलजा ने सोनम वांगचुक से उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनकी चिंता देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों की चिंता है तथा कांग्रेस पार्टी उनके भविष्य की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!