जींद की धरती से दूसरे जिलों को सौगातें देने वाली सरकार के एजेंडे में गुरुग्राम नहीं: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम को वादों का झुनझुना थमा रही सरकार, न आधुनिक बस अड्डा बना और न ही नया सरकारी अस्पताल: पंकज डावर

दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज, लेकिन गुरुग्राम आज भी आधुनिक सिविल अस्पताल को तरस रहा।

गुरुग्राम से सांसद केंद्र में मंत्री और स्थानीय विधायक भी सत्ताधारी दल से, फिर भी अस्पताल और बस अड्डा उनके एजेंडे से बाहर।

गुरुग्राम का नया बस अड्डा और आधुनिक सरकारी अस्पताल कब बनेगा, इस पर सरकार के पास कोई स्पष्ट योजना नहीं।

गुरुग्राम। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर ने भाजपा सरकार पर गुरुग्राम की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में सरकार जींद की धरती से दूसरे जिलों के लिए बड़ी-बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणाएं कर रही है, लेकिन प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गुरुग्राम को पूरी तरह अपने एजेंडे से बाहर रखा गया है। देश की राजधानी से सटे गुरुग्राम के लोग आज भी एक आधुनिक बस अड्डे और बड़े सरकारी अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। यह गुरुग्राम की जनता के साथ अन्याय है।

पंकज डावर ने कहा कि एक ओर सरकार भिवानी और नारनौल जैसे जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलकर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं दूसरी ओर लाखों की आबादी वाले गुरुग्राम के लिए आज तक आधुनिक सरकारी अस्पताल की व्यवस्था नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में प्रतिदिन लाखों लोग इलाज के लिए आते हैं। लगातार बढ़ती आबादी, सड़क दुर्घटनाओं और औद्योगिक हादसों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी दबाव है, लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में गुरुग्राम के लिए नया और अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल बनाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

उन्होंने कहा कि शहर का बस अड्डा भी वर्षों से जर्जर स्थिति में है। बढ़ती आबादी और प्रतिदिन हजारों यात्रियों के दबाव के बावजूद सरकार आधुनिक बस अड्डे के निर्माण को लेकर गंभीर दिखाई नहीं देती। यह सरकार की प्राथमिकताओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम से चुने गए सांसद केंद्र सरकार में मंत्री हैं और स्थानीय विधायक भी सत्ताधारी दल से हैं, लेकिन उनके एजेंडे में गुरुग्राम की जनता की बुनियादी जरूरतें—आधुनिक सरकारी अस्पताल और नया बस अड्डा—शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर जनप्रतिनिधियों को चुना था, लेकिन आज भी शहर अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को केवल राजस्व देने वाली मशीन बनाकर रख दिया है। यहां से सरकार को हजारों करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है, लेकिन बदले में शहर को स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

पंकज डावर ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि गुरुग्राम का नया बस अड्डा कब बनेगा और आधुनिक सरकारी अस्पताल का निर्माण कब शुरू होगा। यदि सरकार के पास इस संबंध में कोई ठोस योजना नहीं है, तो यह साफ है कि गुरुग्राम उसकी प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!