मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पीएम मोदी की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की ली बैठक, व्यवस्थाओं की करी समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*नायब सिंह सैनी और डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से ग्रीन रैली को ऐतिहासिक बनाने का किया आह्वान*

*बैठक में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – जींद से नया इतिहास बनेगा और पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा की पहचान बनेगी*

चंडीगढ़/जींद, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार देर सायं प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं की बैठक ली। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को मजबूती से निर्वहन करने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम के संयोजक संजय भाटिया, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित भाजपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शुक्रवार 17 जुलाई का दिन केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश में पहली रेलगाड़ी जो थाना से मुंबई चली थी उस इतिहास को आज भी याद किया जाता है, उसी प्रकार जींद-सोनीपत रेलखंड पर शुरू होने वाली देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का नाम भी इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेंगे तब तक इस ऐतिहासिक उपलब्धि को याद रखा जाएगा कि हरियाणा की पावन धरती पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चली थी। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और स्वच्छ तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है जो पर्यावरण संरक्षण के साथ आधुनिक भारत की नई पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने वाली है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीएम मोदी की रैली की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता तन, मन और समर्पण भाव से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। श्री सैनी ने कहा कि यह रैली भी अपने आप में एक नई मिसाल बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन एनर्जी के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम में डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद आगमन हरियाणा के लिए गौरव और सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत, हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक की दिशा में देश की ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव है। उन्होंने व्यवस्था से लगे सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि रैली में आने वाले हर व्यक्ति की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही प्रत्येक कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा ग्रीन रैली की अवधारणा को सफल बनाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!