डोर टू डोर कचरा संग्रहण निरीक्षण, मॉडल मार्केट, पीजी सर्वे, सड़कों की डस्ट क्लीनिंग एवं चालान अभियान में तेजी लाने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 16 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव ने जोन-5 के अंतर्गत कार्यरत सभी सहायक सफाई निरीक्षकों (एएसआई) की समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का नियमित निरीक्षण करें
अतिरिक्त निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी एएसआई अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक घर से समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से कचरे का संग्रहण हो।
बाजारों को बनाएं स्वच्छ एवं नो-लिटरिंग मार्केट

बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक एएसआई अपने क्षेत्र के बाजारों को ‘नो लिटरिंग स्वच्छ मार्केट’ के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करें। सभी दुकानदारों को प्रत्येक दुकान पर कम से कम दो डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाए तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
पीजी संस्थानों का होगा सर्वे
डॉ. जयवीर यादव ने निर्देश दिए कि सभी पीजी संस्थानों का सर्वे किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पीजी परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध हों। जिन स्थानों पर डस्टबिन नहीं पाए जाएं, वहां संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
सड़कों की डस्ट क्लीनिंग पर विशेष ध्यान
बैठक में शहर की मुख्य एवं आंतरिक सड़कों पर डस्ट क्लीनिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई से धूल प्रदूषण कम होगा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई
डॉ यादव ने सभी एएसआई को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, कूड़ा फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान अभियान को और तेज किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त गुरुग्राम के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जागरूकता और प्रभावी प्रवर्तन दोनों आवश्यक हैं तथा सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।








