प्रधानमंत्री मोदी के जींद दौरे पर हरियाणा सरकार की बड़ी तैयारी, सभी जिलों में होंगे जिला स्तरीय कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री की रैली के साथ प्रदेश के 21 जिलों में मंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद

चंडीगढ़, 16 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को हरियाणा के जींद दौरे को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री के जींद आगमन के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिले में अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को मुख्य अतिथि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।

प्रधानमंत्री जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इस दौरान एकलव्य स्टेडियम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

जिलावार मुख्य अतिथि
  • अंबाला – ऊर्जा मंत्री अनिल विज
  • भिवानी – महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी
  • चरखी दादरी – विधायक सुनील सांगवान
  • फरीदाबाद – राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल
  • फतेहाबाद – राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा
  • गुरुग्राम – उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह
  • हिसार – जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा
  • झज्जर – खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर
  • कैथल – सांसद नवीन जिंदल
  • करनाल – हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण
  • कुरुक्षेत्र – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा
  • महेंद्रगढ़ – सांसद धर्मबीर सिंह
  • नूंह – एचएसएएमबी चेयरमैन वेदपाल
  • पलवल – युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम
  • पंचकूला – राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा
  • पानीपत – शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
  • रेवाड़ी – स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
  • रोहतक – हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी
  • सिरसा – सांसद सुभाष बराला
  • सोनीपत – विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार
  • यमुनानगर – विधायक घनश्याम दास अरोड़ा

सरकारी पत्र के अनुसार प्रत्येक जिले में संबंधित विधायकों, जिला परिषद अध्यक्षों, नगर निकाय प्रतिनिधियों और भाजपा संगठन पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी। प्रशासनिक स्तर पर उपायुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है, क्योंकि इसी अवसर पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होने जा रहा है। साथ ही हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!