विद्यार्थियों को चार डस्टबिन प्रणाली, कचरा अलगाव एवं पॉलीथीन मुक्त गुरुग्राम बनाने का दिया संदेश

गुरुग्राम, 16 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के अंतर्गत सेक्टर-45 स्थित यूरो इंटरनेशनल स्कूल में कचरा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, कचरा अलगाव, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती प्रिंका यादव तथा एचएमएस टीम के अक्षय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एचएमएस टीम के अनिरुद्ध, विकास, यूरो इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यार्थियों को दिया स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का संदेश

संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि स्वस्थ समाज की नींव स्वच्छ वातावरण से ही रखी जा सकती है। उन्होंने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चार डस्टबिन प्रणाली अपनाने तथा गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी कचरे का अलग-अलग संग्रह करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक प्रथम स्तर पर ही कचरे को अलग अलग करना सुनिश्चित करे, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ गुरुग्राम का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
पॉलीथीन मुक्त गुरुग्राम बनाने का आह्वान

नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी पॉलीथीन मुक्त गुरुग्राम अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने ली स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती प्रिंका यादव ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया।
विद्यालय प्रबंधन ने की एमसीजी की पहल की सराहना
यूरो इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सिंह ने सभी अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं।
सामूहिक प्रयास से बनेगा स्वच्छ और स्वस्थ गुरुग्राम
संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक ने कहा कि ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर प्रत्येक नागरिक को इसमें सहभागी बनाया जा सके। जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल गुरुग्राम का निर्माण संभव है।








