चरखी दादरी में स्वर्गीय सत्यवान धनखड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था, शिक्षा संकट और किसानों-युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
चरखी दादरी/चंडीगढ़, 13 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को चरखी दादरी जिला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल धनखड़ के पिता स्वर्गीय सत्यवान धनखड़ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने चरखी दादरी स्थित उनके निवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राव नरेंद्र सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवारजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा वर्तमान में अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रदेश का किसान, मजदूर, कर्मचारी, छात्र, युवा तथा आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित हरियाणा दौरे के दौरान किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, युवाओं तथा अन्य वर्गों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जानी चाहिए, जिससे प्रदेशवासियों को वास्तविक राहत मिल सके।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, तब आम नागरिक की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की लगभग 100 घटनाएं सामने आई हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में अव्यवस्था और अनियमितताओं के कारण देशभर में 21 छात्रों ने आत्महत्या की, जिनमें हरियाणा की एक छात्रा भी शामिल थी।
राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले में बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर संत-महात्माओं का नया ट्रस्ट गठित किया जाए तथा पूरे प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के कन्वीनर राजू मान, जिला कांग्रेस महासचिव रोहतास खटीक, कोषाध्यक्ष सुनील डूरेजा, सचिव वीरेंद्र ढिल्लू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सांगवान, बोंद कला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








