गुरुग्राम में बड़ा एनकाउंटर: 4 बदमाश ढेर, 1 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायी के घर पहुंचे थे शूटर, पुलिस से मुठभेड़ में चली ताबड़तोड़ गोलियां

3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल, अस्पताल में उपचार जारी

गुरुग्राम, 9 जुलाई। गुरुग्राम के सुशांत लोक फेस-2 क्षेत्र में गुरुवार को उस समय गोलियों की गूंज सुनाई दी जब क्राइम ब्रांच की टीमों और कुख्यात अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में चार अपराधी मारे गए, जबकि एक घायल अपराधी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद अपराधी क्षेत्र में घूम रहे हैं। इसी दौरान अपराधियों ने एक व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि व्यवसायी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर की ओर से लगातार रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं।

क्राइम ब्रांच की टीमों ने मौके पर पहुंचकर अपराधियों को आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा और अपराधियों को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में सभी पांच शूटर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार अपराधियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल अपराधी का उपचार जारी है।

इस दौरान पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, मृत और घायल अपराधियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों और गैंग से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

गुरुग्राम पुलिस का संदेश

“आम जनता में भय और आतंक फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!