सुजूकी मोटर कॉरपोरेशन की टीम ने मारुति सुजुकी के कौशल विकास एवं सड़क सुरक्षा संस्थानों का किया दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जेआईएम मानेसर और आईडीटीआर बहादुरगढ़ में प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा, छात्रों से किया संवाद

गुरुग्राम, 3 जुलाई। सुजूकी मोटर कॉरपोरेशन के ग्लोबल प्रेजिडेंट और उनके प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित प्रमुख कौशल विकास एवं सड़क सुरक्षा संस्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और छात्रों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने।

प्रतिनिधिमंडल के साथ मारुति सुजुकी के प्रेसिडेंट तोशिहिरो सुजुकी, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ हिसाशी ताकेउचि तथा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान टीम ने जापान-इंडिया इंस्टीट्यूट फॉर मैन्युफैक्चरिंग (जेआईएम) मानेसर का भ्रमण किया, जहां आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया गया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (आईडीटीआर), बहादुरगढ़ का भी दौरा किया और सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर मारुति सुजुकी के प्रेसिडेंट तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि हाल ही में भारत और जापान के प्रधानमंत्रियों द्वारा खरखौदा संयंत्र का उद्घाटन किया गया, जो विकसित भारत के निर्माण में जापान की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जापान के सहयोग से हरियाणा के साथ-साथ गुजरात में भी सीएसआर के तहत कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि मारुति सुजुकी भारत में विनिर्माण क्षेत्र के विकास के लिए कौशल विकास और सड़क सुरक्षा को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती है। कंपनी की ये पहल केंद्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय विजन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!