कांस्टेबल भर्ती के दौरान युवक की मौत पर सरकार को घेरा, उच्चस्तरीय जांच, मुआवजा और हेल्थ सेफ्टी प्रोटोकॉल लागू करने की मांग

चंडीगढ़, 3 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 11 वर्षों के शासन में हरियाणा विकास, निवेश और रोजगार की पहचान खोकर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों, किसानों की बदहाली और प्रशासनिक विफलताओं का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, किसान संकट से जूझ रहे हैं, व्यापारी आर्थिक दबाव झेल रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशे का फैलाव, महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम नागरिक का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने पंचकूला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी 27 वर्षीय युवक कपिल की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे केवल एक हादसा नहीं बल्कि सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जब सरकार हजारों युवाओं को भीषण गर्मी में भर्ती परीक्षा के लिए बुलाती है, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी होती है।
राव नरेंद्र सिंह ने सवाल उठाया कि क्या परीक्षा स्थल पर पर्याप्त एम्बुलेंस, प्रशिक्षित मेडिकल टीम, जीवनरक्षक उपकरण, शीतल पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी व्यवस्थाएं नहीं थीं तो यह सरकार की गंभीर लापरवाही और युवाओं के जीवन के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतक कपिल के परिवार को सम्मानजनक आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कपिल की गर्भवती पत्नी को सरकारी नौकरी, तीन वर्षीय बेटी के भविष्य की सुरक्षा तथा परिवार के लिए दीर्घकालिक आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी भर्ती परीक्षाओं में अनिवार्य हेल्थ एंड सेफ्टी प्रोटोकॉल लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा, किसान, कर्मचारी, व्यापारी, महिला और आम नागरिक अब परिवर्तन चाहता है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इन सभी मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी तथा भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।








