हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)- 2026 को मद्देनजर रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने किए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

04 व 05 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू, सभी परीक्षा केंद्रों पर समुचित संख्या में रहेगा पुलिस बल तैनात।

22 परीक्षा केंद्रों पर 15367 अभ्यर्थी होंगे शामिल, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस राइडर की टीमें लगातार करेगी पेट्रोलिंग।

विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू, अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु मुख्य चौकों पर ERV वाहन रहेंगे तैनात, परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की सहायता के लिए डायल-112 करके प्राप्त कर सकते है पुलिस सहायता।

गुरुग्राम: 03 जुलाई 2026 – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 को जिला गुरुग्राम में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा 04 व 05 जुलाई 2026 को 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी जिसमें 15367 अभ्यार्थी भाग लेंगे।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा एवं यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 01 पुलिस राइडर तैनात किया गया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान लगातार पेट्रोलिंग करेगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की सहायता एवं किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मुख्य चौकों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर ERV वाहन तैनात रहेंगे।

गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर डायल 112 ERV पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। अगर किसी अभ्यार्थी को परीक्षा केंद्र पहुंचने में देर होती है या कोई अन्य कठिनाई होती है तो डायल 112 पर कॉल करके या नजदीक पुलिसकर्मी से सीधे संपर्क करके सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

गुरुग्राम पुलिस सभी अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील करती है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गुरुग्राम पुलिस परीक्षा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!