हरियाणा विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद ने विश्वास फाउंडेशन को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रक्तदान एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला स्मृति-चिह्न

चंडीगढ़, 3 जुलाई। समाज सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्वास फाउंडेशन को हरियाणा विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद ने स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से आयोजित कार्यक्रम में संस्था द्वारा रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि संस्था की ओर से यह सम्मान संयुक्त सचिव ऋषि सरल विश्वास, श्याम सुंदर साहनी, रमेश कुमार सुमन तथा सत्य भूषण खुराना ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की नोडल अधिकारी पूनम मलिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर राजीव प्रसाद ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता और मानवता की सेवा में कार्यरत संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने विश्वास फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सेवादारों की निःस्वार्थ सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

साध्वी नीलिमा विश्वास ने कहा कि गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी की प्रेरणा से विश्वास फाउंडेशन लंबे समय से रक्तदान शिविरों के आयोजन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं मानव कल्याणकारी गतिविधियों का संचालन कर रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, प्रेम, ध्यान और विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल संस्था के पदाधिकारियों का नहीं, बल्कि विश्वास फाउंडेशन से जुड़े प्रत्येक सेवादार, रक्तदाता और सहयोगी का सम्मान है। ऐसे सम्मान संस्था के सभी सदस्यों को और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

संयुक्त सचिव ऋषि सरल विश्वास ने सम्मान के लिए हरियाणा विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वास फाउंडेशन भविष्य में भी रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य मानव कल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में विश्वास फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने हरियाणा विधानसभा सचिवालय एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए मानवता की सेवा के अपने संकल्प को दोहराया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!