गुरुग्राम में अधिवक्ताओं के चैंबर्स हेतु “टॉवर ऑफ जस्टिस” के साथ भूमि आवंटित की जाए-चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 03 जुलाई 2026। जिला बार एसोसिएशन, गुरुग्राम के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ अधिवक्ता चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से गुरुग्राम में अधिवक्ताओं के लिए बहुमंजिला चैंबर्स के निर्माण हेतु “टॉवर ऑफ जस्टिस” (न्यू ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स) के साथ पर्याप्त भूमि एवं समुचित पार्किंग की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के चैंबर्स एवं पार्किंग के लिए भूमि आवंटन का विषय 16 मार्च 2010 को माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की बिल्डिंग कमेटी के एजेंडे में शामिल किया गया था। इसके उपरांत जिला बार एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर अनेक रिमाइंडर एवं अनुरोध भेजे गए, लेकिन लगभग 16 वर्ष बीत जाने के बावजूद इस महत्वपूर्ण विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि वर्तमान में जिला बार एसोसिएशन, गुरुग्राम के लगभग 11,000 पंजीकृत सदस्य हैं, जबकि हजारों अधिवक्ताओं के पास अपने पेशेवर कार्य के लिए चैंबर उपलब्ध नहीं हैं। इससे अधिवक्ताओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही न्यायिक व्यवस्था की कार्यक्षमता भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे महानगर में न्यायिक ढांचे के विस्तार के साथ अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक एवं बहुमंजिला चैंबर्स की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इसलिए “टॉवर ऑफ जस्टिस” के साथ पर्याप्त भूमि का शीघ्र आवंटन एवं पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि यह पूरे अधिवक्ता समाज के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगा।

चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से माँग की कि गुरुग्राम में अधिवक्ताओं के लिए बहुमंजिला चैंबर्स के निर्माण हेतु “टॉवर ऑफ जस्टिस” (न्यू ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स) के साथ पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाई जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!