प्रदर्शनकारियों के बीच खुद पहुंचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, ज्ञापन लिया और मांगों पर जल्द संयुक्त बैठक बुलाने का दिया आश्वासन

चंडीगढ़, 2 जुलाई। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज का गुरुवार को एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। प्रदेशभर से अंबाला में प्रदर्शन के लिए पहुंचे एचएसईबी वर्कर्स यूनियन के हजारों बिजली कर्मचारियों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने न केवल उनका ज्ञापन स्वीकार किया, बल्कि मंच से कर्मचारियों के नारों में अपना नाम भी जोड़ दिया।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज देर शाम अपने आवास पहुंचे तो बाहर बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। गाड़ी से उतरते ही वह सीधे प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। मंत्री को अपने बीच देखकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल बन गया और प्रदर्शन का स्वरूप भी बदल गया।
मंच से कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विज ने कहा कि जब वह वहां पहुंचे तो कर्मचारी नारा लगा रहे थे— “हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है।” इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब इसमें एक और पंक्ति जोड़ दीजिए— “हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है… अनिल विज तुम्हारा है।” उनके इस अंदाज पर कर्मचारियों ने तालियों और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।
ऊर्जा मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी सभी मांगों पर विचार के लिए जल्द ही यूनियन पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके भाई पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं, इसलिए उनके स्वस्थ होने के बाद शीघ्र ही बैठक आयोजित की जाएगी।
कर्मचारियों द्वारा विभिन्न भत्तों (एलाउंस) से संबंधित मांग पर विज ने कहा कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों को संबंधित फाइल तैयार करने के निर्देश पहले ही दे दिए हैं और इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री के इस अप्रत्याशित कदम और संवादात्मक शैली ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संदेश दिया तथा पूरे कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण बना दिया।







