संयुक्त आयुक्तों ने भी स्वयं मैदान में उतरकर की कार्रवाई, 38 उल्लंघनकर्ताओं से मौके पर ही 19 हजार रुपए का जुर्माना वसूला

गुरुग्राम, 2 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रतिदिन व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा एवं मलबा फेंककर सफाई व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ अब नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में वीरवार को नगर निगम के सभी संयुक्त आयुक्त स्वयं अपने-अपने जोन क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए पहुंचे और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने तथा डस्टबिन का उपयोग नहीं करने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध मौके पर ही चालान किए।
संयुक्त आयुक्तों ने स्वयं किए 38 चालान

निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्तों ने स्वयं 38 उल्लंघनकर्ताओं के चालान किए तथा 19 हजार रुपए का जुर्माना मौके पर ही वसूल किया। अधिकारियों ने नागरिकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी।
एक दिन में 151 चालान, 75,500 रुपए का जुर्माना
नगर निगम द्वारा सभी जोनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 151 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 75,500 रुपए के चालान किए गए तथा जुर्माना राशि की वसूली भी सुनिश्चित की गई।
प्रति सप्ताह स्वयं 15 चालान करेंगे संयुक्त आयुक्त
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक सप्ताह अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं निरीक्षण कर कम से कम 15 चालान करें। इससे प्रवर्तन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
सीएंडडी वेस्ट और निर्माण स्थलों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर सीएंडडी वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान जीआई शीट एवं ग्रीन कवर का उपयोग नहीं करने वाले निर्माण स्थलों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों के दौरान पर्यावरणीय नियमों का पालन अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ गुरुग्राम में नागरिकों की भागीदारी जरूरी
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी या मलबा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन इसमें नागरिकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्वच्छ और सुंदर गुरुग्राम के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।








