अब हर वीरवार वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मिलेगी मुफ्त जांच व परामर्श

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की होगी समग्र स्वास्थ्य जांच, योग व आयुष चिकित्सा का भी मिलेगा लाभ

स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन पर भी दिए जाएंगे विशेषज्ञ सुझाव

गुरुग्राम, 2 जुलाई। हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए “वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिला गुरुग्राम के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक वीरवार वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य बुजुर्गों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करना तथा स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान करना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर उनकी समग्र स्वास्थ्य जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार उन्हें आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार एवं परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों के दर्द, अनिद्रा, पाचन संबंधी समस्याओं सहित अन्य आयुजनित रोगों की जांच एवं उपचार संबंधी सलाह दी जाएगी।

इसके अलावा योग सहायकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु एवं स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा दैनिक दिनचर्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाएंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिक अधिक स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकें।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य व कल्याण की देखभाल करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग का यह कार्यक्रम बुजुर्गों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाने तथा उन्हें सम्मानजनक और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

आयुष विभाग, गुरुग्राम ने सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक वीरवार आयोजित होने वाले इन विशेष स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!