4 व 5 जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
गुरुग्राम में 22 परीक्षा केंद्रों पर 15,367 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
गुरुग्राम, 1 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ एचटेट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी उत्तम सिंह ने जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-1, लेवल-2 तथा लेवल-3 का आयोजन 4 व 5 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। गुरुग्राम में परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीजीटी के 4,674, टीजीटी के 6,984 तथा जेबीटी के 3,709 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले में कुल 15,367 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 1 जुलाई से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर पंजीकरण संख्या अथवा आवेदन आईडी और जन्मतिथि दर्ज कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट लेना अनिवार्य है। प्रत्येक अभ्यर्थी को एक पृष्ठीय प्रवेश पत्र की सैन्टर कॉपी और कैंडिडेट कॉपी का एक-एक रंगीन प्रिंट साथ लाना होगा। आवेदन के समय उपयोग किए गए फोटोयुक्त पहचान पत्र को परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य रहेगा।
उन्होंने बताया कि नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थी जिनकी अशक्तता (Disability) 40 प्रतिशत या इससे अधिक है, जो अपने हाथ से लिखने में असमर्थ हैं व लेखक की सुविधा लेना चाहते हैं तो ऐसे अभ्यर्थी को स्वयं लेखक के चयन की अनुमति दी जाती है अथवा उनके अनुरोध पर बोर्ड कार्यालय द्वारा प्रदान किया जा सकता है। ऐसे अभ्यर्थी बोर्ड मुख्यालय में प्रात: 09:00 बजे से 04:30 बजे तक कमरा नं 28 में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के अनुरोध पर लेखक की सुविधा केन्द्र अधीक्षक द्वारा भी दी जा सकती है। इसके लिए अभ्यर्थी स्वयं के वांछित मैडिकल प्रलेखों व लेखक की पहचान/योग्यता से संबंधित प्रलेखों सहित अपने आबंटित परीक्षा केन्द्र अधीक्षक से संपर्क करें। लेखक के लिए शैक्षिक योग्यता सीनियर सैकेण्डरी से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध SPL-1, SPL-2 & Appendix-G प्रोफॉर्मा डाउनलोड कर सकते हैं। नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थी (जो अपने हाथ से लिखने में असमर्थ है, चाहे वह लेखक की सुविधा ले रहा है अथवा नहीं) को 20 मिनट प्रति घण्टा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को केवल मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी। सिख एवं बैपटाइज्ड अभ्यर्थियों को धार्मिक प्रतीक साथ रखने की छूट रहेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में अंगूठी, चैन, बालियां, हार, घड़ी, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर, हेल्थ बैंड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, लॉग टेबल, प्लास्टिक पाउच, कोरे या मुद्रित कागज तथा किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में बताया गया कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई आने पर अभ्यर्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दूरभाष नंबर 01664-254305 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, डीईओ इंदु बोकन उपस्थित रही।








