
गुरुग्राम, 01 अक्तूबर। शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर कर्मचारी राज्य बीमा निगम, उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम में संयुक्त निदेशक प्रभारी हरिओम प्रकाश के निर्देशन में पाँचवें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से आयोजित इस शिविर में कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर में ईएसआईसी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, फरीदाबाद से चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। चिकित्सा टीम द्वारा रक्तदान करने के इच्छुक प्रतिभागियों की आवश्यक स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। शिविर में कुल 40 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।
शिविर में नियमित रक्तदान की मिसाल प्रस्तुत करते हुए अंकित रोहतकिया ने 27वीं बार रक्तदान किया। उनके इस उल्लेखनीय योगदान ने नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया। इसी क्रम में पूर्व सैनिक कालू राम ने भी रक्तदान कर सेवा और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया।

इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने की दिशा में किया गया महत्वपूर्ण योगदान है। एक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। इस प्रकार के शिविर कर्मचारियों में सामाजिक सरोकार, सेवा-भावना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर दीपक शर्मा, कमलेंद्र कुमार, स्वीटी यादव, संजय वर्मा, सुरेंद्र सिंह, मंदीप, सीमा कपूर, विकास लोचब एवं गंगा राम मीणा तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन में परवीन कौशिक, नेहा, आरती, सुषमा, नितिन, कंवलजीत, जितेंद्र कुमार, विक्रम, रोहित, दिवाकर, धीरज, राजबीर, अंकुर कोहली, सुमित शर्मा, नवीन तथा अन्य कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।







