हर कदम पर सीखने की परंपरा से भाजपा और कार्यकर्ता मजबूत : डॉ. अर्चना गुप्ता
हरियाणा ने परिवार जैसा अपनापन दिया : डॉ. सतीश पूनिया
प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारी व प्रदेश महामंत्री संगठन के योगदान को मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष ने सराहा

पंचकूला, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा में दायित्व बदलते हैं, लेकिन संगठन का संकल्प, विचारधारा और राष्ट्रसेवा का मिशन निरंतर चलता रहता है। भाजपा में व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। मजबूत संगठन, अनुशासित कार्यकर्ता और बूथ तक खड़ा संगठनात्मक ढांचा भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित अभिनंदन एवं धन्यवाद समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा प्रभारी रहे वर्तमान राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब व जम्मू-कश्मीर प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सहप्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर तथा निवर्तमान प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा के संगठनात्मक योगदान की सराहना की। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में जिम्मेदारियां व्यक्ति की सुविधा नहीं, संगठन की आवश्यकता के अनुसार तय होती हैं। यहां विदाई नहीं, बल्कि दायित्वों का हस्तांतरण होता है। उन्होंने डॉ. सतीश पूनिया के संगठनात्मक अनुभव तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि फणीन्द्रनाथ शर्मा ने सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ बूथ से प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत किया। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक संगठन का कार्य कर चुके पवन राणा का अनुभव हरियाणा भाजपा को नई ऊर्जा देगा।
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन की हर जिम्मेदारी सीखने और आगे बढ़ने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया ने कठिन परिस्थितियों में भी लगातार संगठन के लिए कार्य किया और बड़े भाई की तरह उनका मार्गदर्शन किया। विधानसभा चुनाव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद परिणाम के दिन वार रूम पहुंचना संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने फणीन्द्रनाथ शर्मा से मिले मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे धैर्य, निरंतर परिश्रम, कार्यकर्ताओं की बात सुनने और लगातार प्रवास करने की कार्यशैली सीखने को मिली। उन्होंने पवन राणा का स्वागत करते हुए कहा कि उनके व्यापक संगठनात्मक अनुभव का लाभ हरियाणा को मिलेगा।
राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब व जम्मू-कश्मीर प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि संगठन निरंतर प्रवाहित होने वाली धारा है। व्यक्ति और जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन विचार और संगठन की यात्रा आगे बढ़ती रहती है। हरियाणा के कार्यकर्ताओं और नेतृत्व ने उन्हें परिवार जैसा अपनापन दिया है और जहां भी रहेंगे, हरियाणा से उनका जुड़ाव बना रहेगा।
नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के बारे में सुना था—“देशों में देश हरियाणा।” अब वह कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को समझेंगे और जिलों व मंडलों में लगातार प्रवास करेंगे।
निवर्तमान प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि हरियाणा में बिताए तीन वर्ष दो महीने उनके जीवन का विशेष अध्याय रहे। यहां ज्येष्ठ कार्यकर्ता से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक सभी ने उन्हें परिवार के सदस्य जैसा स्नेह और सहयोग दिया।
समारोह में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, वेद फुल्ला व सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी सहित वरिष्ठ भाजपा नेता, मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







