• मानसून में जलभराव रोकना प्राथमिकता- मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव
• गांव हयातपुर में नालों, नालियों की करवाई जाए डीप क्लीनिंग

1 जुलाई, मानेसर। मानेसर नगर निगम की मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को वार्ड-20 के गांव बढ़ा में 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ड्रेन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलन्यास किया। नगर निगम की ओर से गांव की मुख्य सड़क पर स्थित नयारा पेट्रोल पंप से एचएसआईआईडीसी की ड्रेन तक करीब 500 मीटर लंबी इस ड्रेन का निर्माण करेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने गांव हयातपुर का दौरा कर वहां की सफाई व्यवस्था और जल निकासी संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले गांव हयातपुर की सभी नालियों और नालों की डीप क्लीनिंग कराई जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव की आंतरिक गलियों में बनी छोटी नालियों की भी जांच की जाए और जहां कहीं टूट-फूट या क्षतिग्रस्त हो, वहां तत्काल मरम्मत करवाई जाए।

उन्होंने कहा कि छोटी लापरवाही भी बरसात के समय बड़ी समस्या का कारण बन जाती है, इसलिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करना जरूरी है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए।
इस अवसर पर उनके साथ पार्षद प्रताप सिंह, नगर निगम मानेसर के एक्सईएन सुशील ठाकरान, एसडीओ शशिकांत, संजोग शर्मा, जेई साहिल सांगवान सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








