डीसी उत्तम सिंह ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद, मौके पर सुनी जाएंगी जन समस्याएं
गुरुग्राम, 28 जून। जिला प्रशासन गुरुग्राम द्वारा मंगलवार, 30 जून को पटौदी ब्लॉक के गांव पहाड़ी में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त उत्तम सिंह स्वयं ग्रामीणों के बीच रात्रि प्रवास कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश देंगे।
सीटीएम ज्योति नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों के साथ-साथ रात्रि ठहराव कार्यक्रम भी लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और शासन-प्रशासन को लोगों के और करीब लाना है।
उन्होंने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहेंगे और मौके पर ही विभिन्न मामलों का निस्तारण करने का प्रयास करेंगे।








