महापौर राज रानी मल्होत्रा ने ओरानिया सोसाइटी से दिया स्वच्छता का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कचरा एवं पॉलिथीन मुक्त गुरुग्राम अभियान के तहत नागरिकों को दिलाई शपथ

गुरुग्राम, 27 जून 2026। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को स्वच्छ, हरित एवं पॉलिथीन मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “कचरा एवं पॉलिथीन मुक्त गुरुग्राम अभियान” के अंतर्गत शनिवार को सेक्टर-53 स्थित ओरानिया सोसाइटी में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वार्ड-21 की पार्षद सोनिया यादव के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में संयुक्त आयुक्त रविंदर मलिक, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तिलक राज मल्होत्रा, वार्ड-21 की पार्षद सोनिया यादव, नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा प्रिंका यादव मौजूद रहीं।

अपने संबोधन में महापौर राज रानी मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण शुरू कर दे और सिंगल यूज़ पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह बंद कर दे, तो गुरुग्राम को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

रविंदर मलिक ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम लगातार विभिन्न वार्डों, बाजारों, विद्यालयों, आरडब्ल्यूए एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज़ पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करें तथा खरीदारी के लिए हमेशा कपड़े या जूट के थैले का प्रयोग करें। उन्होंने घरों में गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक एवं सैनिटरी कचरे के पृथक्करण पर भी विशेष जोर दिया और बताया कि स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण स्वच्छ शहर की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

सोनिया यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से ही गुरुग्राम को वास्तव में कचरा एवं पॉलिथीन मुक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने नागरिकों को घरों एवं संस्थानों में चार रंगों के कूड़ेदानों (हरा, नीला, लाल एवं काला) का उपयोग कर स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही तरीके से कचरे का पृथक्करण करने से पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा मिलता है, लैंडफिल पर दबाव कम होता है तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में बड़ी मदद मिलती है।

बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा प्रिंका यादव ने महिलाओं एवं युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलाव, जैसे कपड़े के थैले का उपयोग, कचरा अलग-अलग रखना और प्लास्टिक से दूरी बनाना, बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने सभी उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता एवं पॉलिथीन मुक्त गुरुग्राम की शपथ दिलाई। इसके बाद लोगों को कपड़े के थैले वितरित किए गए ताकि वे दैनिक जीवन में पॉलिथीन के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपना सकें। अंत में महापौर, संयुक्त आयुक्त सहित सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ओरानिया सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुशील वाजपेयी, स्थानीय वार्ड समिति सदस्य अजय कुमार, अतिन तथा स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों एवं सोसाइटी के निवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। नगर निगम गुरुग्राम ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे “कचरा एवं पॉलिथीन मुक्त गुरुग्राम अभियान” को जनआंदोलन बनाते हुए स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल गुरुग्राम के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!