*गणना फॉर्म भरने के कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए 77-गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त स्टाफ किया गया तैनात*

गुरुग्राम, 26 जून। गुरुग्राम जिला में आगामी 14 जुलाई तक जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूरा करने के उद्देश्य से 77-गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण एवं बीएलओ एप पर अपलोड करने के कार्य में सहयोग के लिए अतिरिक्त स्टाफ को लगाया गया है।
अभियान के दौरान अनेक बीएलओ को डिजिटल तकनीक के सीमित अनुभव के कारण गणना प्रपत्रों को बीएलओ एप पर अपलोड करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अतिरिक्त कई आवासीय कॉलोनियों में मकानों की अनियमित एवं क्रमहीन नंबर होने के कारण घर-घर जाकर सर्वेक्षण और जानकारी एकत्रित करने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। इन व्यावहारिक चुनौतियों के कारण मैदानी कार्य की गति प्रभावित हो रही थी।
इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के उद्देश्य से अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। यह सहयोग बीएलओ को डिजिटलीकरण एवं गणना प्रपत्र अपलोड करने में सहायता प्रदान करेगा, जिससे वे अधिक समय मैदानी सत्यापन कार्य पर दे सकेंगे और अभिलेखों का डिजिटल अद्यतन भी समय पर सुनिश्चित हो सकेगा।
गुरुग्राम विधानसभा के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के समक्ष आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को देखते हुए यह अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ का पूरा सहयोग करें, सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा अपने मतदाता गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा कराएं, जिससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।







