प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्यपाल आचार्य देवव्रत की शिष्टाचार भेंट, प्राकृतिक खेती और जनकल्याण योजनाओं पर हुई चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुरुक्षेत्र, 25 जून (प्रमोद कौशिक)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान गुजरात में संचालित विभिन्न विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री को गुजरात में प्राकृतिक कृषि के विस्तार और उसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को रासायनिक मुक्त एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने तथा गाय आधारित कृषि प्रणाली को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे राज्य में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

बिजली बचत अभियान की जानकारी दी

मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने ऊर्जा संरक्षण और बिजली बचत के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गुजरात लोकभवन के मार्गदर्शन में राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों, विश्वविद्यालयों और नगर निगमों में बिजली बचत अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है, जिससे ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिल रहा है।

ग्राम कल्याण कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

राज्यपाल ने गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ग्राम कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रधानमंत्री के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि गांवों में स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, संस्कार, रोजगार, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, पशुपालन, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्राकृतिक खेती तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों से मिले सकारात्मक अनुभव साझा किए

आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे के दौरान ग्रामीणों के साथ हुए सीधे संवाद और उनसे प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रियाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर दोनों नेताओं ने ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक कृषि और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!