• बरसाती पानी की तेज़ निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालों की सफाई, रोड गलियों के निर्माण और जल निकासी तंत्र को किया गया सुदृढ़

गुरुग्राम, 25 जून 2026: मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर के दो प्रमुख जलभराव प्रभावित स्थानों—सुभाष चौक और शीतला माता रोड—पर बरसाती पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत किया है। इन कार्यों का उद्देश्य वर्षा जल की तेज़ से निकासी सुनिश्चित करना, जलभराव की समस्या को कम करना तथा भारी बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

सुभाष चौक क्षेत्र में जल निकासी क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर नालों से गाद निकाली गई है। मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक 4.5 किलोमीटर लंबे सतही नालों से गाद निकाली गई, जबकि सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक लगभग 3 किलोमीटर लंबे सतही एवं मास्टर ड्रेनों की भी सफाई कर उनसे गाद हटाई गई है। इसके साथ ही सतही नालों और मास्टर ड्रेन के बीच मौजूद अवरोध हटाकर दोनों को आपस में जोड़ा गया है, ताकि वर्षा का पानी बिना किसी रुकावट के मुख्य जल निकासी तंत्र तक पहुंच सके।
क्षेत्र में जल निकासी को और बेहतर बनाने के लिए 300 से अधिक नई रोड गलियों का निर्माण किया गया है। इन गलियों के माध्यम से सड़क पर जमा वर्षा जल सीधे नालों में पहुंचेगा, जिससे तेज बारिश के बाद सड़कों पर लंबे समय तक जलभराव रहने की स्थिति से राहत मिलेगी ।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता श्री अमित गोदारा ने बताया कि मानसून से पहले सुभाष चौक क्षेत्र की पूरी जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। नालों से गाद निकालने, रोड गलियों के निर्माण तथा सतही नालों को मास्टर ड्रेन से जोड़ने जैसे कार्यों से इस क्षेत्र में वर्षा जल की निकासी पहले की तुलना में अधिक तेज़ और प्रभावी होगी।

उन्होंने बताया कि शीतला माता रोड पर भी जलभराव रोकने के लिए विशेष कार्य किए गए हैं। मंदिर की ओर स्थित सड़क के साथ मास्टर ड्रेन में जमा गाद, मलबा और अन्य अवरोध हटाकर उसे पूरी तरह चालू कर दिया गया है, जिससे वर्षा जल का प्रवाह सुचारु हो सके। इसके अलावा, बरसाती पानी को सीधे नालों तक पहुंचाने के लिए कई और रोड गलियों का भी निर्माण किया जा रहा है।
वहीं शीतला माता मंदिर के सामने वाली सड़क के साथ बने सतही नालों में गाद, मलबा तथा अनधिकृत सीवर कनेक्शनों के कारण जल निकासी बाधित रहती थी। अब इन नालों की व्यापक सफाई एवं सुधार का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और 10 जुलाई तक इस पूरी जल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने का लक्ष्य रखा गया है।
जीएमडीए द्वारा पूरे गुरुग्राम में मानसून की तैयारियों के तहत नालों से गाद निकालने, जल निकासी तंत्र के रखरखाव तथा आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम होगी तथा बारिश के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।








