कॉर्पोरेट प्रशिक्षण से संवरेगा छात्राओं का भविष्य : एडीसी सोनू भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कॉमविवा के तीन माह के प्रशिक्षण के बाद 50 छात्राओं को वितरित किए प्रमाण पत्र, रोजगार उपलब्ध कराने की भी होगी पहल

गुरुग्राम, 25 जून। एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक कौशल भी युवाओं की सफलता की कुंजी है। इसी उद्देश्य से कॉमविवा संस्थान द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 की छात्राओं को तीन माह का कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव प्रशिक्षण प्रदान किया गया जिसका क्रियान्वयन भारत सरकार की कौशल मंत्रालय की संस्था एमईपीएससी ने किया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली छात्राओं को विकास सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडीसी सोनू भट्ट ने प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सी.एस.आर, स्किल, इनक्यूबेशन व स्टार्टअप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व कार्यकारी निदेशक गौरव सिंह भी मौजूद रहे।

एडीसी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को कॉर्पोरेट कार्य संस्कृति, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कॉमविवा टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी संस्थान सक्रिय रूप से कार्य करेगा। प्रशिक्षण के उपरांत योग्य प्रतिभागियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया संचालित की जाएगी, जिससे छात्राओं को अपने करियर की बेहतर शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।

एडीसी सोनू भट्ट ने कॉमविवा टेक्नोलॉजी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन, शिक्षण संस्थानों और कॉर्पोरेट क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का पूर्ण उपयोग करते हुए आत्मविश्वास के साथ अपने करियर की नई उड़ान भरने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के कौशल मंत्रालय व एमईपीएससी के मुख्य सलाहकार आर. रहमान, मोहम्मद निज़ामुद्दीन, कॉम्विवा टेक्नोलॉजीज के उपाध्यक्ष अभिषेक बांगिया और राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!