12 वर्षों से केंद्र सरकार व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बेहतर हो रहा नागरिकों का जीवन स्तर – मेयर राजरानी मल्होत्रा
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों एवं बैंकों की सहभागिता से लाभार्थियों को मिली ऋण, वित्तीय समावेशन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी

गुरुग्राम, 23 जून। गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। पीएम-स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा है। सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उसे आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
मेयर ने उक्त विचार मंगलवार को महरोली रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा परिसर में आयोजित जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर का शुभारंभ करने के अवसर पर व्यक्त किए। यह शिविर प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम-स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्ट्रीट वेंडर्स को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। शिविर में पीएम-स्वनिधि योजना के 250 लाभार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

मेयर ने किया लाभार्थियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना ने हजारों छोटे कारोबारियों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।
विभिन्न विभागों और बैंकों की रही सक्रिय भागीदारी
शिविर में भाजपा के वरिष्ठ नेता तिलकराज मल्होत्रा, सिटी प्रोजेक्ट ऑफिसर द्वारका प्रसाद, चीफ मैनेजर बसंत कुमार, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विनोद बजाज, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा श्रम विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त नगर निगम मानेसर, नगर पालिका फर्रुखनगर, नगर परिषद सोहना एवं नगर परिषद पटौदी जाटौली मंडी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर के दौरान लाभार्थियों को पीएम-स्वनिधि योजना के विभिन्न प्रावधानों, ऋण सुविधाओं, डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रम कल्याण योजनाओं तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मिल रही मजबूती
सिटी प्रोजेक्ट अधिकारी द्वारका प्रसाद ने कहा कि पीएम-स्वनिधि योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को न केवल आसान ऋण सुविधा उपलब्ध हो रही है, बल्कि उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था, डिजिटल भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। इससे उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।
जन-कल्याण शिविर बना लाभार्थियों के लिए उपयोगी मंच
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया और इसे सरकार तथा प्रशासन की जनहितैषी पहल बताया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।








