महिला एवं किशोरी सम्मान योजना से हजारों लाभार्थियों को मिल रहा लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध करा रही है सरकार

गुरुग्राम, 23 जून। हरियाणा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के माध्यम से जिले की पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में गुरुग्राम जिला में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है।

योजना के तहत बीपीएल परिवारों से संबंधित 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को प्रत्येक माह निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए जाते हैं। विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को यह सुविधा स्कूलों के माध्यम से तथा अन्य लाभार्थियों को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। लाभार्थियों का पंजीकरण एमईकेएसवाई पोर्टल पर किया जाता है। महिला एवं बाल विकास विभाग गुरुग्राम द्वारा अब तक 57,680 बीपीएल महिलाओं एवं किशोरियों को इस योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह योजना न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दे रही है, बल्कि मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच और भ्रांतियों को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से योजना का लाभ उठाने तथा मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इस जनहितकारी योजना से जुड़ सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!