योग केवल व्यायाम नहीं, शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान : डॉ. सुधा यादव

गुरुग्राम, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर सेक्टर-82 स्थित क्लब लॉन, ई-ब्लॉक, वाटिका इंडिया नेक्स्ट में रविवार को भव्य योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वस्थ तन, शांत मन और सशक्त समाज के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने शिरकत की। आयोजन गुरुग्राम महानगर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना यादव के सानिध्य तथा जिला उपाध्यक्ष प्रीति जोशी के संयोजन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मानेसर नगर निगम के मेयर पद के पूर्व प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रमाणित योग प्रशिक्षक द्वारा 45 मिनट का योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके बाद 15 मिनट का इंटरैक्टिव वेलनेस एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें योग और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी साझा की गई। प्रतिभागियों को डिटॉक्स वॉटर तथा पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक अल्पाहार भी उपलब्ध कराया गया।
अपने संबोधन में डॉ. सुधा यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन का आधार भी। उन्होंने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान है। वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और शारीरिक स्वास्थ्य प्रदान करता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन 30 से 45 मिनट योग के लिए निकाले, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और समाज अधिक स्वस्थ एवं सशक्त बन सकता है।”
उन्होंने महिलाओं और युवाओं का विशेष आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं परिवार की धुरी होती हैं और उनका स्वस्थ रहना पूरे परिवार के स्वास्थ्य से जुड़ा है। वहीं युवाओं को तनाव, अवसाद और नशे जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत है, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए।
इस अवसर पर सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि योग को घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। योग व्यक्ति को अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से तनाव, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने आयोजन समिति, क्लब लॉन वाटिका इंडिया नेक्स्ट तथा गुरुग्राम महानगर महिला मोर्चा की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि इसे जीवनभर निभाए जाने वाले संकल्प में बदलना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।








