राहुल गांधी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर, रोजगार मेला और नशा मुक्ति संदेश यात्रा आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राव नरेंद्र सिंह ने युवाओं से रक्तदान, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का किया आह्वान

चरखी दादरी, 18 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर चरखी दादरी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील धानक की अध्यक्षता में रक्तदान शिविर, रोजगार मेला एवं नशा मुक्ति संदेश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि तथा हरियाणा कांग्रेस के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रक्तदान शिविर में पहुंचे युवाओं और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान करते हुए इसे समाज के प्रति सबसे महत्वपूर्ण मानवीय दायित्व बताया।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता की शुरुआत भले ही छोटे स्तर से हो, लेकिन मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और कांग्रेस पार्टी सदैव युवाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कोटा में आयोजित “छात्रों की गूंज” रैली के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिए गए संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज छात्रों और युवाओं के सामने पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्त होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की कमियों जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाकर युवाओं की आवाज को मजबूती देना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति संदेश यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान राव नरेंद्र सिंह और जितेंद्र बघेल ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार, खेल और सामाजिक सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा युवा शक्ति और समाज दोनों को कमजोर करता है, इसलिए इसके विरुद्ध व्यापक जनजागरण अभियान चलाना जरूरी है।

इस अवसर पर पूर्व सीपीएस रण सिंह मान, मनीषा सांगवान, सोमवीर सांगवान, सोमवीर श्योराण, कर्नल रघुबीर छिल्लर, धर्मपाल सांगवान, जिला कांग्रेस कमेटी जींद के अध्यक्ष ऋषिपाल, जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ के अध्यक्ष सतबीर झुकिया सहित कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!