जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों के बाद हुआ फैसला
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर कांग्रेस का फोकस
गुरुग्राम, हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह समेत कई जिलों में नई नियुक्तियां

चंडीगढ़, 17 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों तथा हरियाणा मामलों के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद से विचार-विमर्श के बाद इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी गई है।

जारी सूची में गुरुग्राम, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर सहित अनेक जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
गुरुग्राम जिले में पटौदी से रविंद्र सिंह, फरुखनगर से सुनील यादव, सोहना से शैलाश खताना, गुरुग्राम एमसी-1 से अमित कोचर तथा गुरुग्राम एमसी-2 से राजपाल यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और अन्य जिलों में भी नए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की यह कवायद पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ने और जनसंपर्क अभियानों को गति मिलने की उम्मीद है।
आदेश की प्रतियां एआईसीसी प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को भी भेजी गई हैं।








