क्राइम ब्रांच ने बिना वैध दस्तावेजों के पकड़े 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिक
सभी को किया जाएगा डिपोर्ट
गुरुग्राम: 16 जून 2026 – गुरुग्राम पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे अथवा जो भारत में वैध रूप से निवास करने के प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में श्री हितेश यादव पुलिस उपायुक्त अपराध गुरुग्राम के नेतृत्व में अपराध शाखा सैक्टर-39, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना पर कार्यवाही करते हुए गुरुग्राम में स्थित निर्माणाधीन साइट्स/झुग्गियों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी मूल के नागरिकों को चेक करने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस चेकिंग अभियान के दौरान गुरुग्राम में अलग अलग संदिग्ध कंट्रक्शन साइट्स/झुग्गियों में चेकिंग की गई तथा संदिग्धों को चेक किया गया तथा उनकी नागरिकता सत्यापित की गई। इस सत्यापन के दौरान अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की गई तथा इनके पास बांग्लादेश की नागरिकता के दस्तावेज भी मिले।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त बांग्लादेशी नागरिक कालियागंज बॉर्डर से बांग्लादेशी एजेंस की मदद से अवैध रूप से भारत में घुसे थे तथा यहां पर मजदूर का वेश बना रह रहे थे। उपरोक्त बांग्लादेशी नागरिकों को कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्ट किया जाएगा।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों जैसे झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा होटलों में रह रहे व्यक्तियों के दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध अथवा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों एवं होटल/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं।
यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति रहता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें।
गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों एवं RWA से अपील करती है कि इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। आमजन की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान जारी रहेगा।
वैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों एवं वैध विदेशी नागरिकों को इस अभियान से घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। अभियान के संबंध में भ्रामक, झूठी अथवा मनगढ़ंत अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









