युवाओं का संघर्ष बनेगा बदलाव का आधार, अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी : निशित कटारिया
खड़गे से मिले सुखबीर और निशित कटारिया, हरियाणा के मुद्दों पर हुई चर्चा
रोजगार, शिक्षा और युवाओं के अधिकारों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनआंदोलन तेज करने पर मंथन
चंडीगढ़, 15 जून। हरियाणा के पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया और युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर उन्हें राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हरियाणा में संगठनात्मक गतिविधियों, जनआंदोलनों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दक्षिण हरियाणा और गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसमस्याओं को लेकर किए जा रहे संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चलाए गए आंदोलनों और संगठनात्मक अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने चंडीगढ़-पंचकूला स्थित एचएसएससी कार्यालय के घेराव सहित विभिन्न जनआंदोलनों का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में नीट पेपर लीक तथा सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया था।
उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर सरकार ने वाटर कैनन का प्रयोग किया, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं। निशित कटारिया ने कहा कि आंदोलन के दौरान उन्होंने सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उदयभानु चिब के साथ खड़े होकर युवाओं की आवाज बुलंद की और वाटर कैनन की बौछारों का सामना किया।
इस पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने निशित कटारिया के स्वास्थ्य और चोटों की जानकारी ली तथा युवाओं के अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के लिए किए जा रहे उनके संघर्ष, साहस और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर सुखबीर कटारिया ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है और जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों से परेशान है। ऐसे दौर में मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि खड़गे का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जनता में विश्वास पैदा कर रहा है।
वहीं निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा का युवा अपने भविष्य, रोजगार और शिक्षा को लेकर चिंतित है, लेकिन युवा कांग्रेस अन्याय और दमन के सामने झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि चाहे रोजगार का मुद्दा हो, एचएसएससी कार्यालय का घेराव हो या फिर नीट पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के खिलाफ आंदोलन, युवा कांग्रेस हर मोर्चे पर युवाओं की आवाज बनकर खड़ी रही है और आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का संघर्ष और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है तथा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए जनता के बीच जाकर संघर्ष को और मजबूत करना होगा।








