मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करना लोकतंत्र और संविधान पर आघात : सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जींद, 12 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सुश्री मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द किया जाना पूरी तरह असंवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत कदम है। कांग्रेस पहले से ही यह कहती रही है कि भारतीय जनता पार्टी का लोकतंत्र और संविधान में वास्तविक विश्वास नहीं है और यह घटना एक बार फिर उसी आशंका को प्रमाणित करती है। सांसद ने कहा कि निर्वाचन आयोग के रवैये को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। देश ने कई अवसरों पर देखा है कि आयोग का व्यवहार अपेक्षित निष्पक्षता, स्वतंत्रता और पारदर्शिता से दूर दिखाई देता है। इस पूरे घटनाक्रम ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस इस निर्णय को हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर चुनौती देगी तथा न्याय प्राप्त करने के लिए उपलब्ध सभी संवैधानिक विकल्पों का उपयोग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विश्वास लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं की गरिमा में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने 12 वर्षों के शासन का उत्सव मना रही है, लेकिन यह घटना दर्शाती है कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर करके किसी भी उपलब्धि का उत्सव नहीं मनाया जा सकता। लोकतंत्र को मजबूत करना ही किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!