गुरुग्राम में इस बार नहीं होगी जलभराव की समस्या, सभी चिन्हित स्थानों पर कराया गया प्रभावी कार्य : राव नरबीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*मैदावास और धूमसपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने का किया आह्वान*

गुरुग्राम, 12 जून। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार के पास जनहित के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। आमजन केवल नियमों और मानकों के अनुरूप अपने प्रस्ताव लेकर आएं, सरकार उनकी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। वे वीरवार शाम नगर निगम क्षेत्र के गांव मैदावास तथा धूमसपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास उपरांत आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट हैं। सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां की आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या वाले 158 स्थानों की पहचान की गई थी। इन सभी स्थानों पर संबंधित विभागों द्वारा विशेष अभियान चलाकर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए गए हैं। ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने, नालों की सफाई तथा अन्य आवश्यक कार्यों के कारण इस वर्ष शहरवासियों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि विकास केवल सड़कों, भवनों और अन्य परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मानसून का मौसम शुरू होने वाला है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति प्रतिदिन जितनी कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित करता है, उसे अवशोषित करने के लिए लगभग 14 पेड़ों की आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं होंगे तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने घरों, खेतों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर चलना ही समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!