एसआईआर-2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु गुरुग्राम विधानसभा के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर होंगे सत्यापन कार्य, 15 जून से शुरू होगा गणना चरण

गुरुग्राम, 11 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के सफल संचालन के लिए गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र-77 के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में राजकीय महाविद्यालय द्रोणाचार्य, गुरुग्राम में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 435 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा 44 सुपरवाइजरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करना था।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि एसआईआर-2026 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अपडेटेड बनाना है। इसके अंतर्गत स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं मृत मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जाएगा, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की पहचान की जाएगी तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि गणना चरण 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान बीएलओ घर-घर जाकर क्यूआर कोड आधारित गणना प्रपत्र वितरित एवं एकत्रित करेंगे। पूरी प्रक्रिया बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संचालित की जाएगी।

प्रशिक्षण में बीएलओ को घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, बंद मकानों की स्थिति में फॉलो अप विजिट, आधार से संबंधित दिशा-निर्देशों तथा दस्तावेजों के सत्यापन संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!