हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं: मोहन लाल बड़ौली
चंडीगढ़, 10 जून। हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें राजस्थान से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर श्री बड़ौली ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. सतीश पूनिया लंबे समय से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि डा. पूनिया ने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि राज्यसभा में उनकी उपस्थिति राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। श्री बड़ौली ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि डा. पूनिया अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर उच्च सदन में जनता की आकांक्षाओं और राष्ट्रहित के मुद्दों को मजबूती से रखेंगे। उन्होंने डॉ. पूनिया के सफल, उज्ज्वल एवं जनसेवा से परिपूर्ण राजनीतिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका राज्यसभा पहुंचना संगठन के लिए गौरव का विषय है।
हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश ने इस अवधि में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, विदेश नीति की मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता ने देश की छवि को सशक्त बनाया है।








