रेणु भाटिया का इस्तीफा पर्याप्त नहीं, नर्सिंग स्टाफ से सार्वजनिक माफी मांगें : नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 10 जून। कुरुक्षेत्र नागरिक अस्पताल प्रकरण में हरियाणा राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेणु भाटिया द्वारा नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने स्पष्ट किया है कि केवल इस्तीफा देने से मामला समाप्त नहीं होगा, बल्कि रेणु भाटिया को नर्सिंग स्टाफ से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।

बुधवार को एसोसिएशन के बैनर तले जिला अस्पतालों के साथ-साथ प्रदेशभर के पीएचसी और सीएचसी में नर्सिंग ऑफिसर्स द्वारा गेट मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान सरकार द्वारा रेणु भाटिया का इस्तीफा स्वीकार किए जाने पर आभार व्यक्त किया गया, लेकिन साथ ही यह भी कहा गया कि नर्सिंग स्टाफ के सम्मान की बहाली के लिए सार्वजनिक माफी आवश्यक है।

नर्सिंग ऑफिसर्स ने कहा कि जिस प्रकार सार्वजनिक मंच पर पूरे नर्सिंग स्टाफ को अपमानित किया गया, उसी प्रकार सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी जानी चाहिए। उनका कहना था कि किसी कर्मचारी या अधिकारी के साथ कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार करने पर कार्रवाई का प्रावधान है, फिर इस मामले में रेणु भाटिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस मामले को लेकर विवाद खड़ा हुआ, उसमें नर्सिंग स्टाफ की कोई भूमिका नहीं थी, इसके बावजूद पूरे नर्सिंग समुदाय को कटघरे में खड़ा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष ने बिना तथ्यों के नर्सिंग स्टाफ को निशाना बनाया और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई।

नर्सिंग ऑफिसर्स ने कहा कि वे कुरुक्षेत्र अस्पताल में नाबालिग बच्ची के साथ हुए कथित दुष्कर्म मामले की कड़ी निंदा करते हैं और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। लेकिन इस मामले की आड़ में पूरे नर्सिंग स्टाफ को बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिस ओपीडी में घटना हुई, वहां तैनात अन्य कर्मचारियों की भूमिका पर चर्चा क्यों नहीं की गई।

मीटिंग में वक्ताओं ने यह भी मांग की कि रेणु भाटिया द्वारा जिस “स्टाफ सदस्य” का हवाला देते हुए नर्सिंग ऑफिसर्स पर आरोप लगाए गए थे, उसका नाम सार्वजनिक किया जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए।

इस अवसर पर जनवादी महिला समिति की नेता उषा सरोहा ने भी रेणु भाटिया की कार्यशैली और भाषा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का दायित्व महिलाओं को न्याय दिलाना है, लेकिन कई मामलों में आयोग अपेक्षित भूमिका निभाने में विफल रहा है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के समर्थन की घोषणा करते हुए कहा कि जनवादी महिला समिति उनके साथ खड़ी है।

नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती हैं तो संगठन आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन को नए चरण में ले जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!