ईंट व कस्सी से सिर पर वार कर की वारदात, पुलिस रिमांड पर आरोपी
गुरुग्राम, 4 जून। गुरुग्राम के दौलताबाद गांव में आपसी कहासुनी के बाद एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को थाना राजेंद्र पार्क पुलिस को सूचना मिली थी कि दौलताबाद स्थित एक मकान में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन टीम तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को जांच के लिए बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम मोर्चरी भिजवाया।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय आशिष, निवासी दौलताबाद, के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आशिष अपने पुराने मकान में गया था, जहां वह गंभीर चोटों के साथ मृत मिला। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना राजेंद्र पार्क की पुलिस टीम ने 3 जून को सेक्टर-106 स्थित प्लाजा क्षेत्र से 23 वर्षीय अमन को गिरफ्तार किया। अमन मृतक आशिष का सगा भाई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका भाई आशिष शराब पीने का आदी था। घटना के दिन आशिष के साथ एक अन्य व्यक्ति भी शराब पी रहा था। जब आरोपी ने उस व्यक्ति को घर से जाने के लिए कहा तो दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसके दौरान आरोपी ने ईंट और कस्सी से आशिष के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण आशिष की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।









