कांग्रेस के पास न मुद्दा, न नेतृत्व और न दिशा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा: डा. अर्चना गुप्ता
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए चलेगा अभियान: डा. अर्चना गुप्ता
*निकाय चुनाव में मिली जीत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकास कार्यों का परिणाम है: डा. अर्चना गुप्ता
चंडीगढ़, 03 जून। भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पदभार ग्रहण समारोह के बाद पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में महिलाओं के अधिकार, संगठन विस्तार, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा विपक्ष की राजनीति पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की अगर किसी ने चिंता की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। लेकिन कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी की पीठ में छूरा घोंपने का काम किया और महिलाओं के अधिकारों के हनन किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ना रूकेंगे, ना थकेंगे और ना ही हारेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के अधिकारों को दिलाने का काम करके रहेंगे।
एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में बूथ से लेकर जिला अध्यक्ष स्तर तक संगठनात्मक चुनाव पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नई प्रदेश टीम का भी गठन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में मंडल और जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान भी शुरू होगा। डॉ. गुप्ता ने कहा कि यदि किसी घुसपैठिए ने फर्जी आधार कार्ड या पहचान पत्र बनाकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराया है तो ऐसे लोगों की पहचान करने का कार्य भाजपा कार्यकर्ता करेंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की और भाजपा ने लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने का इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सर्वाेपरि होता है और यहां साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की यही खूबसूरती है कि चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है। गरीब किसान का बेटा नायब सिंह सैनी बूथ अध्यक्ष से मुख्यमंत्री और बूथ अध्यक्ष से ही अमित शाह केंद्रीय गृहमंत्री बने हैं। उन्होंने अपने स्वयं के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने महिला मोर्चा से यात्रा शुरू की और आज प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व ने दी है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन उसने महिलाओं की मूलभूत आवश्यकताओं की चिंता नहीं की। इंदिरा गांधी लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहीं, वहीं सोनिया गांधी भी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही, लेकिन किसी ने भी महिलाओं की जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाकर महिलाओं को खुले में शौच से मुक्ति दिलाई। 14 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचा। करोड़ों महिलाओं को आवास की सुविधा मोदी सरकारा ने दी है।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज न कोई मुद्दा है, न नेतृत्व और न ही कोई स्पष्ट दिशा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस नेता जनता के बीच रहने के बजाय विदेशों में छुट्टियां मनाने चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, मजबूत संगठन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकास कार्यों का परिणाम है।
डॉ. गुप्ता ने विश्वास जताया कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और जिन क्षेत्रों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, वहां संगठन को और सशक्त बनाकर भविष्य में बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अपनी कमियों को छिपाने के लिए विपक्ष निराधार आरोप लगाता है, लेकिन जनता सब कुछ समझती है और आने वाले समय में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।








