गुडग़ांव जिला कांग्रेस कार्यालय में मासिक बैठक, वार्ड अध्यक्षों की जल्द घोषणा का निर्णय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नागरिक अस्पताल निर्माण में देरी के खिलाफ कांग्रेस करेगी बड़ा प्रदर्शन

गुडग़ांव, 3 जून। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) की मासिक बैठक बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने की। बैठक में संगठन विस्तार, शहर की मूलभूत समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए जल्द ही सभी वार्डों के अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योग्य, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने गुरुग्राम में बिगड़ती नागरिक सुविधाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। शहर में सीवर व्यवस्था, टूटी सड़कों, पेयजल संकट और बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।

नागरिक अस्पताल के वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण कार्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पंकज डावर ने कहा कि अस्पताल का निर्माण लंबे समय से लटका हुआ है, जिसके कारण हजारों लोगों को उपचार के लिए महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-10 स्थित अस्पताल पर अत्यधिक दबाव है, जिसके चलते आम नागरिकों को समय पर और समुचित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। गुरुग्राम की जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। नागरिक अस्पताल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग को लेकर कांग्रेस जल्द ही बड़ा जनआंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

पंकज डावर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए डावर ने आरोप लगाया कि सरकार ने गुरुग्राम के विकास को केवल विज्ञापनों तक सीमित कर दिया है, जबकि जमीनी स्तर पर नागरिक मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!