गरीब, मजदूर और आमजन की आवाज उठाना देशद्रोह है तो हम सब देशद्रोही हैं : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी को देशद्रोही कहना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान,

मनोज तिवारी सार्वजनिक माफी मांगें : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देशद्रोही कहे जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र, संविधान और राजनीतिक मर्यादाओं पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने और जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेताओं द्वारा लगातार इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश के गरीबों, मजदूरों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं। यदि आमजन के अधिकारों की बात करना, बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष करना देशद्रोह माना जाता है, तो देश का हर वह नागरिक जो अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे भी देशद्रोही कहना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में असहमति और आलोचना को हमेशा सम्मान दिया गया है। किसी भी विपक्षी नेता को केवल राजनीतिक मतभेदों के कारण देशद्रोही कहना न केवल लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान है, बल्कि देश की राजनीतिक संस्कृति को भी नुकसान पहुंचाने वाला है। भाजपा नेताओं को यह समझना चाहिए कि राजनीतिक बहस तथ्यों और नीतियों पर होनी चाहिए, व्यक्तिगत आरोपों और अपमानजनक टिप्पणियों पर नहीं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के आर्थिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनकी आवाज को दबाने के लिए भाजपा द्वारा झूठे आरोपों और अनर्गल बयानबाजी का सहारा लिया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसी राजनीति से डरने वाली नहीं है और जनता के हितों की लड़ाई पहले की तरह मजबूती से लड़ती रहेगी।

राव नरेंद्र सिंह ने मांग की कि मनोज तिवारी अपने बयान पर तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सांसद ऐसा नहीं करते हैं तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी और भाजपा की जनविरोधी एवं अहंकारी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की राजनीतिक गुंडागर्दी और विपक्ष की आवाज को दबाने के प्रयासों का मजबूती से मुकाबला करती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!