केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने पर किया मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेयर, निगमायुक्त एवं पार्षदों के साथ बैठक में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और संसाधनों को मजबूत करने पर हुई चर्चा

गुरुग्राम, 29 मई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने वीरवार देर शाम गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया तथा निगम पार्षदों के साथ बैठक कर शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न शहरी चुनौतियों के समाधान पर चर्चा की गई।

गुरुग्राम सरकार की प्राथमिकता में शामिल

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम देश के प्रमुख शहरों में से एक है और सरकार का इस शहर पर विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), पुलिस प्रशासन और नगर निगम गुरुग्राम संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा कि सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा।

मेयर ने रखी सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग

बैठक के दौरान गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सभी पार्षदों की ओर से केंद्रीय मंत्री के समक्ष सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की तेजी से बढ़ती आबादी और विस्तारित शहरी क्षेत्र को देखते हुए वर्तमान संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। मेयर ने बताया कि शहर में प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 2800 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। उन्होंने आग्रह किया कि इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

जोनवार कचरा संग्रहण प्रणाली विकसित करने के निर्देश

सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने जोनवार कचरा संग्रहण प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिसमें प्रत्येक वाहन की गतिविधियों का रिकॉर्ड उपलब्ध हो और यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित वाहन ने कितने घरों से कचरा एकत्र किया। इसके साथ ही सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट पर जोनवार पहुंचने वाले कचरे की मात्रा का भी सटीक रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि पूरे सिस्टम की निगरानी और मूल्यांकन बेहतर ढंग से किया जा सके।

एजेंसियों की रैंकिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कचरा संग्रहण एवं सफाई कार्य से जुड़ी एजेंसियों की रैंकिंग शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन किया जाए और बेहतर कार्य करने वाली एजेंसियों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

शहर में डस्टबिन लगाने के निर्देश

केंद्रीय मंत्री ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को कचरा डालने के लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सहायक सफाई निरीक्षकों की संख्या बढ़ने से सुधार

बैठक के दौरान पार्षदों ने बताया कि गुरुग्राम में सहायक सफाई निरीक्षकों (एएसआई) की संख्या बढ़ने से सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने सुझाव दिया कि सफाई कर्मचारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी आवंटित की जाए, जिससे जवाबदेही बढ़े और कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।

बैठक में मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, डीसी उत्तम सिंह व पुलिस आयुक्त शिबास कविराज व अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव सहित पार्षदगण व अन्य आधिकारी उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें