हरियाणवी छोरे तुषार का यूके में डंका, मात्र 23 वर्ष की उम्र में बने मेयर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनीपत से यूके तक का सफर, एल्स्ट्री और बोरहमवुड के सबसे युवा मेयर बने तुषार कुमार

रमेश गोयत

चंडीगढ़। हरियाणा की युवा प्रतिभाएं अब विदेशों में भी नेतृत्व और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के सोनीपत से ताल्लुक रखने वाले तुषार कुमार  ने यूनाइटेड किंगडम में नया इतिहास रच दिया है। 13 मई को उन्हें  एल्स्ट्री और बोरहमवुड  का नया मेयर चुना गया। मात्र 23 वर्ष की आयु में तुषार यूके के सबसे युवा मेयरों में शामिल हो गए हैं।

तुषार कुमार मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी हैं। उनका परिवार वर्ष 2013 में भारत से यूके जाकर बस गया था। इतनी कम उम्र में मेयर पद तक पहुंचना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

उनकी नियुक्ति बोरहमवुड के फेयरवे हॉल में आयोजित “मेयर मेकिंग समारोह” के दौरान घोषित की गई। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, सामाजिक संगठन, निवासी, परिवारजन और मित्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में लिंडा स्मिथ को आगामी कार्यकाल के लिए डिप्टी मेयर नियुक्त किया गया।

अपने संबोधन में तुषार कुमार ने कहा कि वह मात्र 20 वर्ष की आयु में पहली बार पार्षद चुने गए थे। उस समय वह (King’s College London)  किंग्स कॉलेज लंदन में पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मेयर बनना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। उनका उद्देश्य युवाओं को स्थानीय लोकतंत्र, सामाजिक कार्य और जनसेवा से जोड़ना है।

उन्होंने निवर्तमान मेयर डैन ओजारोव  को शहर की सेवा के लिए धन्यवाद देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

तुषार कुमार ने अपनी माता परवीन रानी  को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। परवीन रानी पहले हर्ट्समीयर की डिप्टी मेयर रह चुकी हैं और वर्तमान में फिल्म एवं टेलीविजन की ग्लोबल एनवॉय के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने परिवार और मित्रों के निरंतर सहयोग के लिए भी आभार जताया।

अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए मेयर तुषार कुमार ने कहा कि वह “समुदाय के बीच मौजूद रहने वाले मेयर” बनना चाहते हैं, जो स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करें।

समारोह के दौरान (ISKCON Bhaktivedanta Manor) इस्कॉन भक्तिवेदांत मैनर की अध्यक्ष हर ग्रेस विशाखा दासी को मेयर का चैपलिन नियुक्त किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम में प्रार्थना भी की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें